निजी वाहन स्वामियों ने सौंपी अपनी गाड़ी
मेरठ। चुनाव में निजी गाड़ियां नहीं देने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग की एफआईआर कराने की चेतावनी के बाद मंगलवार को 500 लोगों ने परिहवन विभाग को अपनी गाड़ी सौंप दी। सोमवार को भी करीब 500 निजी गाड़ियों का अधिग्रहण किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन विभाग को करीब एक हजार गाड़ी सौंप दी गई है।
लोक प्रतिनिधित्व कानून के तहत परिवहन विभाग ने निजी वाहन स्वामियों को चुनाव के लिए गाड़ी अधिग्रहण के नोटिस भेजे थे। जनपद में सात और नौ सीटर 2300 गाड़ियों के लिए नोटिस भेजे गए थे। इन्हें सात फरवरी को अपनी गाड़ी उपलब्ध कराने का समय दिया गया था, लेकिन करीब 500 गाड़ी ही कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम और पुलिस लाइन पहुंची थी। मांग से कम गाड़ी पहुंचने पर परिवहन विभाग ने वाहन नहीं देने वाले लोगों पर लोक प्रतिनिधित्व एक्ट में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी थी। मीडिया में इस मामले की खबर छपने के बाद दोपहर तक करीब 500 लोगों ने अपनी गाड़ी भेज दी। एआरटीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि करीब एक हजार गाड़ियों का इंतजाम करके निर्वाचन विभाग को सौंप दी है।