मवाना। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की सूचना लीक होने पर सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले प्राइवेट कर्मचारी गायब हो गए। बाद में एसडीएम ने निरीक्षण किया तथा साफ सफाई के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन बलराम सिंह शुक्रवार की सुबह 10 बजे तहसील का औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। लेकिन निरीक्षण की सूचना लीक होने पर एडीएम के पहुंचने से पहले ही तहसील के दफ्तरों में काम करने वाले प्राइवेट कर्मचारी नदारद हो गए। इस दौरान एडीएम द्वारा आरके कार्यालय, तहसीलदार न्यायालय, खसरा खतौनी कार्यालय, एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया।
एडीएम ने एसडीएम प्रतीक्षा सिंह को साफ सफाई दुरुस्त रखने, सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम की सूची कार्यालय के बाहर तथा अंदर नाम पट्टिका लगी हो। अलमारियों में रखे रिकार्ड की सूची अलमारी के बाहर चस्पा कराई जाए, तहसील में वायरिंग ठीक कराने तथा रिकार्ड रूम की साफ सफाई के निर्देश दिए।
इसके बाद एसडीएम प्रतीक्षा सिंह ने तहसील का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। राजस्व लिपिक कार्यालय में राजस्व लिपिक राहुल कुमार को फाइलों की सूची बनाकर अलमारी पर चस्पा करने, फाइलों का रखरखाव सही से किए जाने, कंप्यूटर पर लटकी तारों को ठीक कराने के लिए कहा।