लहसुन की खेती (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : Flickr
एमडी पॉवर अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को योजनाओं का लाभ दिलाना विभाग की पहली प्राथमिकता है। ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि हर उपभोक्ता योजना का लाभ ले सके। बंगारी यहां ऊर्जा भवन में किसान आसान किश्त योजना और आसान किश्त योजना की संयुक्त वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अभियंताओं को निर्देश दे रहे थे। उन्होंने जनसुविधा केंद्रों की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
ऊर्जा भवन में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए एमडी पॉवर अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने 14 जनपदों के अभियंताओं को निर्देश दिए। कहा कि किसान आसान किश्त योजना और आसान किश्त योजना के जरिए उपभोक्ता बेहद आसानी से अपने बकाया बिलों का भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए विभाग को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उपभोक्ताओं के ज्यादा से ज्यादा पंजीकरण कराने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाए। जनसुविधा केंद्रों पर बैनर से प्रचार के अलावा क्षेत्र में लाउडस्पीकर व मुनादी कराई जाए। होर्डिंग व पंफलेट के जरिए भी योजना का प्रचार हो। लाइनमैन और टीजी-2 की जिम्मेदारी तय करते हुए डोर-टू-डोर पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने विच्छेदित कनेक्शनों को गुपचुप जोड़े जाने की शिकायत पर संबंधित कर्मचारियों को कार्रवाई के लिए चेताया।
एमडी पॉवर ने कहा कि 50 हजार से ऊपर के बकाएदारों को चिह्नित कर उनके पंजीकरण कराए जाएं। विद्युत वितरण खंड मोदीनगर, मुरादनगर, खंड-द्वितीय गजरौला, चांदपुर, बिलासपुर, गढ़, खंड-पंचम बुलंदशहर, लोनी, खुर्जा, रामपुर मनिहारन एवं नकुड़ में आसान किश्त योजना के अंतर्गत कम पंजीकरण पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि इन दोनों योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उपखंड अधिकारी एवं अवर अभियंता को नकद धनराशि तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।