प्रमुख सचिव द्वारा अधिकारियों को भेजे गए पत्र में लगी अमर उजाला की कटिंग जवाब के लिए किया गया त
स्कूल के बाहर जलभराव व स्कूली बच्चों की परेशानी को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। रठौरा खुर्द स्थित राजकीय हाईस्कूल के बाहर लंबे समय से भरे पानी की समस्या पर अमर उजाला में प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने मामले में संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी से समस्या के समाधान और की गई कार्रवाई पर जवाब तलब किया है।
क्षेत्र के गांव रठौरा खुर्द में स्थित राजकीय हाईस्कूल के मुख्य गेट के बाहर लंबे समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई थी। इससे स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जलभराव के कारण बच्चों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता था, जिससे दुर्घटना और बीमारी का खतरा बना हुआ था।
इस समस्या को अमर उजाला ने 23 दिसंबर को शिक्षा के लिए खतरे में जान, शिकायत पर भी नहीं समाधान शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद विकासखंड की ओर से तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए थे और नाले का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था।
इस प्रकरण में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने अधिकारियों को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए किए गए समाधान की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के लिए कहा है। अधिकारी प्रमुख सचिव को भेजे जाने वाले जवाब की तैयारी में जुट गए हैं। हालांकि प्रशासन ने जल निकासी का कार्य पहले ही पूरा कर लिया है। फिलहाल स्कूल के बाहर जलभराव की स्थिति नहीं है।