मेरठ। प्रदेश सरकार द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी और प्रमुख सचिव सिंचाई टी. वेंकटेश शनिवार को सर्किट हाउस पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों की बैठक में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह रविवार को ग्राउंड रियलिटी चेक करेंगे।
प्रमुख सचिव सिंचाई ने एक-एक करके अधिकारियों से उनके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनपद में कोई भी असहाय व जरूरतमंद भूखा न सोए सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आमजन से अपील की कि लॉकडाउन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क का उपयोग करें। सफाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि वह आज इंटेग्रेटेड कंट्रोल रूम, हॉट स्पॉट व अन्य जगह का निरीक्षण करेंगे। डीएम अनिल ढींगरा ने उन्हें हॉट स्पॉट, लॉकडाउन, राशन वितरण, माइक्रो एटीएम से धनराशि वितरण की जानकारी दी। वहीं, एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि पुलिस अपना काम मुस्तैदी से कर रही है। सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। सीडीओ ईशा दुहन ने प्रशासन एवं संस्थाओं द्वारा संचालित सामुदायिक रसोई की जानकारी प्रमुख सचिव को दी।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि जनपद में 89 कोरोना पॉजिटिव केस हैं। वहीं, 55 लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है। 15961 होम क्वारंटीन किए हैं। 940 व्यक्तियों को क्वारंटीन किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में 23 हॉट स्पॉट चिह्नित किए हैं। यहां अपर जिलाधिकारी नगर अजय तिवारी, उपाध्यक्ष एमडीए राजेश कुमार पांडेय, नगर आयुक्त अरविंद चौरसिया मौजूद रहे।
डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण
जिले में हॉट स्पॉट पर नजर रखने के लिए शनिवार शाम डीएमअनील ढींगरा एवं एसएसपी अजय साहनी ने निरीक्षण किया। उन्होंने इमलियान, शास्त्रीनगर सेक्टर-13, हुमायूं नगर आदि शहरी हॉटस्पॉट का भी हाल जाना। वहीं, सेक्टर मजिस्ट्रेट को इन इलाकों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए।