मेरठ। एसआईआर को लेकर बीएलओ पर की जा रही सख्ती से उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ भड़क गया है। शिक्षक संघ के मेरठ जिलाध्यक्ष राकेश तोमर ने कहा कि मानसिक व आर्थिक परेशानी के बाद भी बीएलओ 18 घंटे काम कर रहे हैं लेकिन अधिकारी उनके काम से संतुष्ट नहीं हैं।
हर समय पर बीएलओ को डांट-फटकार, निलंबन की धमकी, वेतन रोकने की धमकी दी जा रही है। मवाना ब्लॉक के 12 बीएलओ का वेतन रुकवा दिया गया। अधिकारी अपने नंबर व रैंक बढ़ाने के चक्कर में बीएलओ पर तरह-तरह के दबाव डाल रहे हैं। बेसिक स्कूलों में 27 नवंबर से परीक्षाएं हैं। शिक्षकों के बीएलओ की ड्यूटी में लगने के कारण बच्चों की परीक्षाएं कौन कराएगा। मेरठ जिले में सैकड़ों एकल विद्यालयों की हालत खराब है। शिक्षकों का उत्पीड़न प्राथमिक शिक्षक संघ सहन नहीं करेगा। उत्पीड़न नहीं रुकने पर आंदोलन किया जाएगा।