परीक्षितगढ़। नगर के होली वाला मोहल्ले में आंबेडकर धर्मशाला के सामने दलित समाज के लोगों द्वारा सरकारी कुएं पर बाबा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना पर राेक लगा दी गई है। इस मामले में शिकायत पर एसडीएम मवाना के निर्देश पर थाना पुलिस व नगर पंचायत ने यह कार्रवाई की है।
नगर के होली वाला मोहल्ले में बाबा भीमराव आंबेडकर के नाम पर वर्षों से धर्मशाला बनी हुई है। सोमवार 14 अप्रैल को बाबा भीमराव आंबेड़कर की जयंती के उपलक्ष्य में दलित समाज के लोग धर्मशाला के सामने कुएं पर बाबा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एसडीएम मवाना को बिना अनुमति के सरकारी कुएं पर बाबा साहेब की प्रतिमा रखे जाने की शिकायत मिली। एसडीएम मवाना ने नगर पंचायत और थाना पुलिस को भेजकर प्रतिमा पर नहीं लगाने के लिए निर्देश दिए। थाना पुलिस व नगर पंचायत कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लोगो को समझाते हुए बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित नहीं होने दी। वहीं, पुलिस द्वारा कुछ लोगों को नोटिस दिए गए। जिसमें कहा गया कि अगर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित की गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि सरकारी संपत्ति पर बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित की जा रही थी। शासन-प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इसलिए प्रतिमा लगाने का कार्य रुकवा दिया गया है।