जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव, विरोध पर पीटा
परीक्षितगढ़। एक समुदाय के युवक द्वारा दलित युवती से शादी करने के बाद जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की। पीड़िता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी फरार हो गया। पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले आई और मामले की जांच में जुट गई है।
जनपद अमरोहा के कस्बा ढक्का उजारी निवासी एक युवती को 15 दिन पूर्व क्षेत्र के गांव इकला रसूलपुर निवासी एक युवक अपने को हिंदू बताते हुए युवती को बहला फुसलाकर मेरठ ले आया था। वह युवती के साथ मेरठ में अपने रिश्तेदार के घर पर रहने लगा। कुछ दिन पूर्व दोेनों ने दिल्ली के कालका मंदिर में शादी कर ली।
शुक्रवार को युवक, युवती को गांव इकला रसूलपुर लेकर पहुंचा। यहां युवती को युवक की असलियत पता चली तो उसने विरोध किया। युवक उस पर जबरन धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। विरोध पर मारपीट की। पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस गांव इकला रसूलपुर पहुंची। युवक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। पुलिस महिला को अपने साथ थाने ले आई।
पुलिस ने बताया कि महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम को धर्म परिवर्तन कराने की सूचना दी थी। महिला से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध सीओ सदर देहात पूनम सिरोही ने बताया कि युवती तहरीर देने को तैयार नहीं है। वह अपने घर जाना चाहती है। मामले की जांच की जा रही है।