उत्तर प्रदेश इकाई के बैनर तले चल रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन
विज्ञापन समाचार
मेरठ। स्काउट-गाइड की उत्तर प्रदेश इकाई के बैनर तले चल रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को समापन हो गया। इसमें पहली से बारहवीं कक्षा तक तक के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने आठ राज्यों के व्यंजन बनाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय अध्यक्ष योगेश त्यागी व प्रधानाचार्य संगीता कश्यप ने ध्वजारोहण और मां सरस्वती को पुष्पांजलि अर्पित कर किया। बच्चों ने स्वागत गीत से अतिथियों का स्वागत किया। शिविर में स्काउट गाइड ने टेंट लगाकर अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र के पारंपरिक व्यंजन बनाए और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। देशभक्ति गीत, नाटक व नृत्य प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। समापन अवसर पर योगेश त्यागी ने सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र व मेडल प्रदान किए।
सर्वश्रेष्ठ गाइड कक्षा 5 की छात्रा पहल और सर्वश्रेष्ठ स्काउट कक्षा 8 के विजय प्रताप को विशेष सम्मान मिला। संचालक डॉ. मनोज सिंधी को स्मृति चिन्ह व पौधा भेंट कर किया गया। सहायक नितिन चौधरी व श्वेता शर्मा को भी पुरस्कृत किया गया। प्रधानाचार्या संगीता कश्यप ने कहा कि स्काउट-गाइड एकता, बंधुत्व और अनुशासन सिखाता है, इसे जीवन में उतारें। बच्चों में देशभक्ति व कर्तव्यनिष्ठा का जज्बा देखते ही बनता था।