एक से पांच नवंबर तक होगा मेले का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर क्षेत्र के गांव मखदूमपुर गंगा घाट पर लगने वाले मेले की तैयारी तेजी से चल रही हैं। इसे अंतिम रूप देने के लिए जिला पंचायत की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। मेला स्थल का चयन किया जा रहा है। इसके बाद रास्ते बनाए जाएंगे।
जिला पंचायत के माध्यम से मखदूमपुर घाट पर कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले का आयोजन कराया जाता है। यहां सभी व्यवस्थाओं को जिला पंचायत द्वारा दुरुस्त कराया जाता है। इस बार मेले का आयोजन 1 से 5 नवंबर तक होगा। जिला पंचायत के इंजीनियरों की टीम ने मेला स्थल को चिह्नित कर लिया है जहां अब तैयारी शुरू हो जाएगी। दिवाली के बाद अब पांच दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के शुभारंभ में मात्र 10 दिन शेष रह गए हैं।
जिला पंचायत की ओर से ठेकेदार से जल्द से जल्द मेला स्थल तैयार कराना चुनौती रहेगा। जिला पंचायत की ओर से ठेकेदारों को मेला स्थल की सभी तैयारियां पूरी करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। मेला ठेकेदार ने बताया कि सभी तैयारी को जल्द ही पूरा कर मेला परिसर जिला पंचायत अधिकारियों को सौंपा जाएगा। इस बार मेले को भव्य बनाने के लिए जिला पंचायत ने अपनी ओर से संबंधित ठेकेदारों को विशेष दिशा निर्देश दिए हैं। हालांकि अभी तक मेले का बजट तैयार नहीं हुआ है। जल्द ही जिला पंचायत के इंजीनियर मेला स्थल का बजट निर्धारित करेंगे।
मेला स्थल के लिए मांगी गई पुलिस फोर्स
भद्रकाली चौकी प्रभारी पुनीत पांडे ने बताया कि मखदूमपुर गंगा घाट पर लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के लिए पुलिस बल की मांग की गई है जिसमें दो मेला प्रभारी, 60 दरोगा, 150 पुलिस कर्मी, दो पीएसी की फ्लड कंपनी, घुड़सवार, ट्रैफिक पुलिस आदि की मांग की गई है। ताकि मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।