मवाना। तहसील क्षेत्र में दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेरठ के निर्देश पर तहसील स्तर पर संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दिव्यांग बोर्ड के आयोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसीएमओ ने बताया कि प्रत्येक माह के तृतीय मंगलवार को दिव्यांग बोर्ड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा दिव्यांगजनों की जांच कर प्रमाणपत्र जारी करेंगी। इसके लिए हड्डी रोग, नेत्र रोग, फिजिशियन एवं ईएनटी विशेषज्ञों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
एसीएमओ ने स्पष्ट किया कि शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। साथ ही संबंधित चिकित्सकों को समय पर उपस्थित रहकर जांच प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।