मेरठ। नगर निगम ने नई सड़क स्थित 24 हजार वर्गमीटर जमीन पर चार मंजिला भवन बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रारंभिक चरण में भवन पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण विभाग की टीम जल्द ही प्रस्ताव बनाकर रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंपेेगी।
नई सड़क पर नगर निगम की 24 हजार वर्गमीटर जमीन है। इसके किनारे लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। निगम ने इसे हटाने के लिए कई बार प्रयास किया परंतु व्यापारियों द्वारा समय लेने के बाद भी आगे की कार्रवाई नहीं की जा सकी। नगर आयुक्त मनीष बंसल ने खाली पड़ी इस बेशकीमती जमीन का पिछले दिनों निरीक्षण किया था। उन्होंने शहर के बीच इस जमीन पर नगर निगम के नए भवन की योजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके चलते निर्माण विभाग ने करीब 20 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत का प्रस्ताव तैयार किया है। सहायक अभियंता निर्माण नानक चंद ने बताया कि भवन चार मंजिला होगा और कुछ दुकानें भी बनाई जाएंगी। भवन में महापौर, नगर आयुक्त कार्यालय के अतिरिक्त प्रशासनिक भवन, अनुभाग कक्ष, पार्षद कक्ष, सभागार आदि की व्यवस्था होगी। पार्किंग स्थल और पार्क आदि का भी निर्माण कराया जाएगा। निर्माण अधिकारियों का कहना है कि अभी फिलहाल प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसे नगर आयुक्त को भेजा जाएगा। वहां से दिशा निर्देश मिलने के बाद ही आगे की तैयारी की जाएगी।
शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव
यदि सब कुछ ठीक रहा तो नगर निगम के नए भवन की स्वीकृति के लिए फाइल शासन के पास भेजी जाएगी। इससे पहले निगम बोर्ड से इस प्रस्ताव को पास कराया जाएगा।