मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में यूजी-पीजी फाइनल ईयर के रिजल्ट 10 दिन में निकालने की तैयारी है। इसको लेकर कुलपति ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। ओएमआर और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराकर जल्द से जल्द नंबर फीड कराने के लिए कहा गया है, ताकि मौखिक परीक्षाओं के अंक आते ही तुरंत रिजल्ट निकाला जा सकें।
कोविड-19 की वजह से सीसीएसयू का पूरा सत्र पटरी से उतर चुका है। सेमेस्टर प्रणाली के कोर्सों की जहां दिसंबर में परीक्षाएं होती थीं, वहीं अब तक एडमिशन भी शुरू नहीं हो पाए हैं। पीजी में सबसे ज्यादा दिक्कत आएगी। जब तक यूजी फाइनल के रिजल्ट नहीं आ जाते हैं, तब तक छात्र-छात्राएं आवेदन नहीं कर सकते हैं। ऐसे में रिजल्ट में देरी हुई तो पीजी का पहले से देरी से चल रहा सत्र और भी लेट हो जाएगा। परीक्षाएं दिसंबर में क्या फिर जनवरी में भी नहीं हो पाएंगी।
विवि प्रशासन को इसको लेकर अब रोजाना मॉनीटरिंग करनी होगी। मौखिक परीक्षाएं लगातार लेट हो रही हैं। एलएलबी की मौखिक परीक्षाओं के लिए विवि अब तक भी परीक्षकों के नाम फाइनल नहीं कर सका है। ऐसा ही रहा तो मौखिक परीक्षाएं लंबी चलेंगी और रिजल्ट उतना ही लेट होता जाएगा। अगली कक्षाओं के एडमिशन फंस जाएंगे।