सरधना। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कथाकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन
सरधना। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में बृहस्पतिवार को हिंदी साहित्य के महान कथाकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने प्रेमचंद की रचनाओं के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शिक्षक एवं साहित्यकार डॉ. आरसी पांडेय ने प्रेमचंद के साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुंशी प्रेमचंद ने अपनी लेखनी से समाज की जटिल सच्चाइयों को उजागर किया। उन्होंने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया और उनकी रचनाओं में समय और समाज की वास्तविक समस्याओं का सजीव चित्रण मिलता है। डॉ. पांडेय ने कहा कि प्रेमचंद साहित्य को राजनीति से आगे चलने वाली मशाल मानते थे। उनके लेखन में ब्रिटिश शासन का विरोध, स्वतंत्रता की चेतना और मानवीय संवेदनाएं प्रमुख रूप से दिखाई देती हैं। उनकी लेखनी आज भी पाठकों के हृदय को स्पर्श करती है और समाज को सोचने के लिए प्रेरित करती है। प्राचार्य डॉ. महेश कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेमचंद जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रेमचंद की रचनाएं आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती रहेंगी।