- अवसाद में अपनी मां और बेटे को जहर देकर खुद भी खाया था
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कंकरखेड़ा। न्यू अशोकपुरी कॉलोनी में पारिवारिक परेशानियों और अवसाद से जूझ रहे युवक प्रवीण ने तीन जुलाई को अपनी मां कमलेश और 11 वर्षीय बेटे कृष्णा को जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया था। उपचार के दौरान प्रवीण की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बेटा का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की न्यू अशोकपुरी निवासी प्रवीण की पत्नी करीब दस वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई थी। उसके बाद से वह अपने बेटे कृष्णा और मां कमलेश के साथ रह रहा था। पुलिस के अनुसार, कुछ महीने पहले युवक के बड़े भाई की भी मौत हो गई थी। इसी बीच प्रवीण का रोजगार भी छूट गया, जिससे वह आर्थिक और मानसिक तनाव में रहने लगा था।
तीन जुलाई की देर रात वह अपनी मां और बेटे को कैंट स्टेशन के पास स्थित मैदान में ले गया था। वहां उसने पहले मां को पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, फिर बेटे को खाने की वस्तु में जहर मिलाकर खिला दिया था। इसके बाद उसने स्वयं भी जहरीला पदार्थ निगल लिया था। तीनों की तबीयत बिगड़ने पर आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया था। चिकित्सकों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया था। अस्पताल से पुलिस को भेजे गए मेमो के बाद पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई। पांच जुलाई को प्रवीण की मौत हो गई थी। सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि मामले को लेकर कोई तहरीर नहीं आई है। पुलिस मामले की निगरानी कर रही है।