बिजनौर, नजीबाबाद। ग्राम पंचायतों को मनरेगा कार्य कराने के बावजूद रिकवरी नोटिस जारी करने सहित कई मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों की जिले से अधिकारियों से वार्ता विफल रही। ग्राम प्रधानों ने बीडीओ कार्यालय पर तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
ग्राम प्रधानों की अनिश्चितकालीन हड़ताल और तालाबंदी की चेतावनी पर बिजनौर के परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी जागेश्वर पटेल, एडीपीआरओ छविनाथ और रिजवान अहमद नजीबाबाद तहसील पहुचे। उन्होंने बीडीओ ज्योति चौधरी और ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह के साथ चौ.चरण सिंह विकास भवन सभागार में प्रधानों की समस्याएं सुनीं।
प्रधानों ने वर्ष 2021-22 के मनरेगा कार्य करने के बावजूद कारण बताओ और लाखों रुपये के ग्राम पंचायतों को रिकवरी नोटिस जारी करने, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय से आदर्श ग्राम योजना सहित अधिकांश विकास योजनाएं प्रधानों के संज्ञान में लाए बगैर संचालित होने पर रोष व्यक्ति किया। ग्राम प्रधानों ने अन्नपूर्णा खाद्य एवं रसद विभाग की राशन की दुकानों के लिए भूमि आवंटन में राजस्व विभाग कर्मचारियों की भूमिका पर भी नाराजगी जताई।
ग्राम प्रधानों की ओर से प्रशांत चौधरी, राहुल हुड्डा, सतविंदर सिंह पोप, धीर सिंह, राजवीर सिंह सिंह, जाकिर अंसारी, सुखबीर, ओजेश राजपूत, सत्यपाल सिंह, हिमांशु राजपूत, नरवैल सिंह ने जिले से आए अधिकारियों के समक्ष ग्राम पंचायत की समस्याएं रखीं। अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और समस्याएं हल नहीं होने पर देर शाम गुस्साए ग्राम प्रधानों ने वार्ता विफल होने पर बीडीओ कार्यालय पर तालाबंदी कर दी।
वार्ता के दौरान सागर बडोला, अबुल वफा, महताब, मोनू, मो.इरशाद, छोटे लाल भाकियू नेता चौ.बलराम सिंह, कुलबीर सिंह उपस्थित रहे।