हरेवली-नगीना मार्ग पर बारिश के पानी के तेज प्रवाह के कारण ध्वस्त पुलिया । स्त्रोत ग्रामीण
बिजनौर, हरेवली। भारी बारिश के कारण हरेवली-नगीना मार्ग पर गांव हरेवली के समीप लोक निर्माण विभाग के मार्ग पर बनी पुलिया ध्वस्त हो गई। पुलिया के टूटने से लोगों का आवागमन बाधित हो गया। बाद में पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से टूटी पुलिया के स्थान पर लोहे के गाटर और किसानों के ट्रिपलरों को लगाकर पैदल मार्ग चालू कराया।
हरेवली निवासी यशवीर सिंह, इजहार अहमद, मोहम्मद इस्माइल, महावीर सिंह, केपी सिंह, कृपाल सिंह आदि ने बताया कि लोनिवि की ओर से करीब तीन साल पहले हरेवली से नगीना मार्ग को बनाया गया था। पानी की निकासी के लिए पुलिया का निर्माण कराया गया था। मंगलवार देर रात भारी बारिश के कारण पुलिया ध्वस्त हो गई।
बुधवार को पुलिया के ध्वस्त होने की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से टूटी पुलिया के स्थान पर लोहे के गर्डरों और ट्रिपलरों को लगा कर पैदल मार्ग चालू कराया गया। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों ने जल्द टूटी पुलिया को तैयार कर आवागमन पहले की तरह से चालू कराने की मांग की है। उधर एसडीएम रितू रानी का कहना है कि ऐसा मामला संज्ञान में नहीं है। वह किसी जरूरी कार्य से बाहर है। आने के बाद विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर ग्रामीणों की समस्या का निदान कराने का प्रयास होगा।