मेरठ एसओजी टीम ने गुरुवार सुबह मुखबिर की सूचना पर गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों को परतापुर थाना क्षेत्र के लाल क्वार्टर इलाके में घेर लिया। यहां पुलिस के रोकने पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया।
पुलिस ने अपना बचाव करते हुए मुठभेड़ के दौरान आरोपी बाइक सवार समीर निवासी गेसूपुर थाना भावनपुर को पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। वहीं दूसरा आरोपी मनीष शर्मा वहां से भागने में कामयाब हो गया। एसओजी टीम और पुलिस ने दूर-दूर तक कांबिंग कर आरोपी फरार मनीष को पकड़ने का प्रयास किया पर वह हाथ नहीं आया।
घायल आरोपी समीर को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़े गए आरोपी से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, खोखा व कारतूस सहित बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। दूसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। एसपी सिटी पीयूष मौके पर पहुंचे और कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं फरार आरोपी की भी तलाश की जा रही है।