सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के हत्यारोपी से अस्पताल जाकर पुलिस ने की पूछताछ
-आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर भी नए सिरे से जांच कर रही है पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर/संवाद
मेरठ/सरूरपुर। कस्बा हर्रा निवासी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान हत्याकांड में पुलिस ने अभी किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। वारदात के बाद जान देने की कोशिश करने वाले उसके पति प्रदीप चौहान से रविवार को पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पूछताछ की। पुलिस को पता चला है कि प्रदीप ने वारदात से तीन दिन पहले ही घर पर सीसीटीवी लगवाए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले में नए सिरे से जांच शुरू की है। नामजद विकास व राहुल के संबंध में भी पुलिस गहनता से पड़ताल कर रही है।
आरोपी प्रदीप चौहान से पूछताछ के बाद पुलिस को जानकारी लगी है कि आरोपी ने अपनी पत्नी निशा चौहान की क्षणिक आवेश में हत्या नहीं की। दंपती में पिछले कुछ दिन से मनमुटाव चल रहा था। तीन दिन पहले सीसीटीवी लगना और तीन दिन से ही दोनों का अलग सोना। इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि दंपती में सबकुछ सामान्य नहीं चल रहा था।
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं प्रदीप पत्नी निशा चौहान पर शक तो नहीं करने लगा था। वहीं, पुलिस को वारदात में नामजद कराए गए प्रदीप के चचेरे भाई विकास और उसके ममेरे भाई राहुल के खिलाफ अब तक ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। इसके चलते पुलिस ने उनकी अब तक गिरफ्तार नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सीडीआर की जांच में प्रदीप और विकास के बीच बातचीत की पुष्टि नहीं हुई है।
पत्नी की हत्या कर खुद के सीने में घोंपा था चाकू
तीन जुलाई को कस्बा हर्रा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की उसके पति प्रदीप चौहान ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। वारदात घर के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज में दिख रही थी। घटना के बाद प्रदीप ने भी खुद अपने सीने में चाकू घोंप लिया था। उसका अब तक इलाज चल रहा है। निशा के गढ़मुक्तेश्वर निवासी भाई ने इस मामले में प्रदीप चौहान, विकास और राहुल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस का कहना था कि दंपती ने 137 गज का प्लॉट खरीदा था। तीन जुलाई को ही इसका बैनामा होना था। निशा बैनामा अपने नाम कराना चाहती थी। इस बात पर हुए विवाद में प्रदीप ने उसकी हत्या की थी। जबकि अंकित का कहना था कि विकास से उसका रास्ते और नए गेट निकलवाने को लेकर विवाद चल रहा था। विकास के उकसाने के आकर प्रदीप ने हत्या की थी।
महिला आयोग की सदस्य ने दी सांत्वना
रविवार को महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला मृतका निशा चौहान के आवास पहुंची और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि महिला आयोग पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच कराने की बात कही है।
मौत के बाद इंस्टाग्राम पर 28 हजार के पार पहुंचे फॉलोअर्स
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की हत्या के बाद उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वारदात के समय उसके 24.4 हजार फॉलोअर्स थे। अब उसके फॉलोअर्स बढ़कर 28 हजार हो गए हैं। लोग उसके पुराने वीडियो भी देख रहे हैं। उसने विकास से विवाद को लेकर भी 30 वीडियो शेयर किए थे।
इस मामले में जांच जारी है। प्रदीप की हालत में सुधार है। उससे पूछताछ की गई है। अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अभी विकास और राहुल के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
आशुतोष कुमार, सीओ सरधना
-