हैंडओवर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भव्य समारोह में शुभारंभ शुभारंभ करेगा खेल विभाग
शासन के निर्देश पर होगा भव्य उद्घाटन, फिलहाल तैयारी कर सकेंगे खिलाड़ी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। खिलाड़ियों की मांग पर कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक मंगलवार को खिलाड़ियों के अभ्यास कराने के लिए खोल दिया गया। बुधवार को भी काफी संख्या में खिलाड़ी अभ्यास करने पहुंचे। शासन की ओर से सिंथेटिक ट्रैक का भव्य उद्घाटन करने की तैयारी है। हांलाकि अभी हैंडओवर की प्रक्रिया चल रही है उसके पूरे होते ही इसका उद्घाटन भव्य रूप से किया जाएगा।
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनवरी 2024 में सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण शुरू हुआ था। जुलाई 2025 में यह पूरा होना था, लेकिन काम देरी से पूरा होने की वजह से 2026 में सिंथेटिक ट्रैक पूरा हुआ। इसके बाद ट्रैक की जांच, रिपोर्ट आदि तमाम प्रक्रियाओं के चलते डेढ महीना बीत गया। इस बीच खिलाड़ियों ने इसे अभ्यास के लिए खोलने का दबाव बनाना शुरू। वह क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी से मिले। उन्होंने खेल निदेशालय में निदेशक से बात की। इसके बाद खेल निदेशालय की ओर से फिलहाल खिलाड़ियों को तैयारी के लिए सिंथेट्रिक ट्रैक को शुरू करने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि खिलाड़ियों की मांग पर अभ्यास के लिए ट्रैक खोला गया। शासन के निर्देश पर भव्य तरीके से सिंथेटिक ट्रैक का उद्घाटन समारोह किया जाएगा। जैसे शासन के निर्देश मिलेंगे इसके आधार पर आगे की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। ट्रैक शुरू होने से खिलाड़ी काफी खुश है।
खिलाड़ियों ने कहा, तैयारी में मिलेगा लाभ
- सितंबर-अक्तूबर में एशियन गेम्स होने हैं। ट्रैक पर अभ्यास करने से खिलाड़ियों को राहत मिलेगी।- रीत राठौर, अंतरराष्ट्रीय एथलीट
- ट्रैक पर तैयारी से मजबूत होगी दावेदारी
वर्तमान में सभी बड़ी प्रतियोगिताएं सिंथेटिक ट्रैक पर होती हैं। यहां ट्रैक शुरू होने पर अब मेरठ के खिलाड़ियों की अच्छी तैयारी होगी।
-ख्याति माथुर, एथलीट
खिलाड़ियों की समस्या का हुआ समाधान
- ट्रैक के शुरू होने से खिलाड़ियों की समस्या का समाधान हुआ है। इससे खिलाड़ियों की अच्छी तैयार होगी और प्रदर्शन भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा होगा।
मानसी तोमर, एथलीट