मेरठ। कुलपति के सख्त आदेश के बाद रविवार से बीएड कॉलेजों में प्रैक्टिकल शुरू हो गए। पहले दिन 13 कॉलेजों के प्रैक्टिकल हुए। विवि द्वारा सभी कॉलेजों के प्रैक्टिकल की तिथि विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। छात्र-छात्राएं कॉलेज कोड के हिसाब से तिथि देख सकते हैं। 20 नवंबर तक सभी कॉलेजों को विवि द्वारा दी गई तिथि में ही प्रैक्टकिल कराने हैं। जो ऐसा नहीं करेगा, उसके खिलाफ विवि सख्त कार्रवाई करेगा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड इलाहाबाद द्वारा शिक्षकों के 15508 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) और स्नातकोत्तर शिक्षक (पीजीटी) के रिक्त पदों के लिए उम्मीदवारों को आमंत्रित किया गया है। शिक्षक भर्ती 2020 की प्रक्रिया 29 अक्तूबर से शुरू हो गई है और इन पदों पर भर्ती के लिए फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर है। इसमें बीएड डिग्रीधारक अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकते हैं। सीसीएसयू में बीएड फाइनल ईयर में 30 हजार छात्र-छात्राएं हैं। इनके प्रैक्टिकल नहीं होने की वजह से रिजल्ट अटका हुआ है, जिसके कारण ये आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने छात्रों की समस्याओं को देखते हुए स्पष्ट निर्देश दिए थे कि कॉलेजों को विवि खुद तिथि दे और 20 नवंबर तक सभी प्रैक्टिकल कराकर रिजल्ट जारी करें, ताकि इन छात्रों को आवेदन का मौका मिल सके। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि रविवार को 13 कॉलेजों के प्रैक्टिकल हो गए हैं। सोमवार से वेबसाइट पर अपलोड किए गए शेड्यूल के मुताबिक दूसरे कॉलेजों के प्रैक्टिकल होंगे। विवि की तिथि में ही सभी को प्रैक्टिकल कराकर ऑनलाइन अंक भी साथ-साथ पोर्टल पर अपलोड करने हैं।
बीपीएड के रिजल्ट भी अटके
प्रैक्टिकल के कारण बीपीएड के रिजल्ट भी अटके हुए हैं। छात्र-छात्राएं टीजीटी के 545 और पीजीटी के 13 शारीरिक शिक्षक पदों पर आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। छात्र अभिषेक कहते हैं कि अगर रिजल्ट नहीं निकला तो पता नहीं फिर कब आवेदन आएंगे, उनका भविष्य खराब हो जाएगा। उनका कहना है कि कॉलेजों में जाकर बात की तो कह दिया गया कि विवि में जाकर बात करो। परीक्षा नियंत्रक का कहना है कि कुछ कॉलेजों के प्रैक्टिकल चल रहे हैं। कई जगह पर बाह्य परीक्षक न आने की वजह से परेशानी हो रही है। सोमवार को इस पर पूरा निर्णय लिया जाएगा।
कॉलेजों को तिथि के हिसाब से दिए हैं पांच स्लॉट
08 और 09 नवंबर
10 और 11 नवंबर
11 और 12 नवंबर
17 और 18 नवंबर
19 और 20 नवंबर