सीसीएसयू ने कॉलेजों को निर्देशित किया है कि प्रैक्टिकल, वायवा और इंटरनल परीक्षा की गैरहाजिरी उसी दिन विवि को भेजनी होगी। अभी तक कॉलेज अंकों के साथ अनुपस्थिति की लिस्ट भेजते थे, इससे रिजल्ट में देरी होती थी। परीक्षा नियंत्रक ने अपने ई-मेल आईडी में गैर हाजिरी की जानकारी उसी दिन मेल करने को कहा है।
विवि के परीक्षा नियंत्रक नारायण प्रसाद की ओर से जारी सर्कुलर में कहा है सत्र 2016-17 की सेमेस्टर, प्रोफेशनल और वार्षिक परीक्षा के प्रैक्टिकल, वायवा और इंटरनल जल्द से जल्द करा विवि को नंबर भेज दें। साथ ही कहा कि उक्त परीक्षाओं के दिन ही गैर हाजिर रहने वाले छात्र-छात्राओं की जानकारी वेबसाइट www.examcontroller@ccsuniversity.ac.in पर ई-मेल कर दे। अभी व्यवस्था यह है कि कॉलेज नंबरों के साथ गैर हाजिरी की जानकारी भेजता है। अलग से जानकारी मिलने पर विवि को आसानी होगी। गैरहाजिरी के डाटा गड़बड़ होने और हाजिर होते हुए भी गैर हाजिरी दिखने के मामलों को आसानी से सुलझाया जा सकेगा। बहुत से केस में ऐसा होता है कि कॉलेज से नंबर भेजने के बाद विवि में गुम हो जाते हैं। रिजल्ट घोषित कराने के लिए छात्रों को चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई बार तो नंबर नहीं मिलने पर छात्र को दूसरी बार परीक्षा देनी पड़ती है। रिजल्ट तैयार करने के दौरान ऐसी काफी शिकायतें विवि पहुंचती हैं। उधर, विवि ने सत्र 2016-17 का रिजल्ट जल्दी घोषित करने के इरादे से प्रैक्टिकल, वायवा और इंटरनल के नंबर जल्दी मंगाए हैं।