मवाना। रविवार देर रात आंधी और तेज हवा के साथ बारिश ने मौसम को खुशगवार बना दिया। साथ ही गर्मी से भी निजात दिलाई। वहीं पेड़ गिरने और फॉल्ट के चलते कस्बे की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह 11 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
बीते कई दिन से प्रचंड गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही थी। भीषण गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। दिन में सूर्य की धूप से सीधे आसमान से आग बरस रही थी। जिस कारण दिन के समय लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। रविवार देर शाम खराब हुए मौसम ने आधी रात के आसपास अपना रुख बदला। तेज हवा, आंधी और बारिश ने मौसम को खुशगवार करते हुए भीषण गर्मी से निजात दिलाई।
वहीं हस्तिनापुर सड़क स्थित बिजलीघर पर आ रही 33 हजार की लाइन और मेरठ मार्ग स्थित बिजलीघर की लाइन पर कई स्थानों पर पेड़ की शाखाएं गिरने से लगभग पूरे कस्बे की आपूर्ति ठप हो गई। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति सोमवार सुबह 11 बजे के आसपास सुचारू हो सकी। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से नगर पालिका की जलापूर्ति भी प्रभावित रही। आपूर्ति सुचारू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।