गर्मी में परेशान रहे लोग, शनिवार रात 11 बजे से झेलनी पड़ी समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर के मोहल्ला कमरानावाबान में शनिवार रात विद्युत लाइन में अचानक आग लगने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूरी रात बिजली गुल रहने से लोगों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 13 घंटे बाद ऊर्जा निगम की टीम ने लाइन की मरम्मत कर आपूर्ति सुचारू की।
स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे अचानक विद्युत लाइन में आग लग गई। इसके बाद मोहल्ले की बिजली गुल हो गई। लोगों ने बिजलीघर में शिकायत दर्ज कराकर आपूर्ति जल्द बहाल होने की उम्मीद जताई, लेकिन रातभर बिजली नहीं आई। गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई लोगों को रात जागकर गुजारनी पड़ी। मोहल्लावासी सोनू, आसिफ, शहजाद, शारूख, याकूब, जाबिर और अनीश आदि ने बताया कि विद्युत लाइन में आग लगने के बाद ऊर्जा निगम को सूचना दी गई थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद रात में समस्या का समाधान नहीं हो सका। कुछ लोगों ने अधिकारियों और कर्मचारियों के फोन नहीं उठाने का भी आरोप लगाया। रविवार को ऊर्जा निगम की टीम ने विद्युत लाइन की मरम्मत की। इसके बाद करीब 13 घंटे बाद दोपहर में आपूर्ति सुचारू हो सकी। मोहल्लेवासियों ने विद्युत विभाग से जर्जर लाइनों की जांच कराने और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की है।