सात घंटे तक प्रभावित रही आठ बिजलीघरों की बिजली
मेरठ। 132 केवी मेडिकल उपकेंद्र को नवनिर्मित 220 केवी जागृति विहार उपकेंद्र से जोड़ने के चलते शुक्रवार को शहर के आठ बिजलीघरों की बिजली सात घंटे तक प्रभावित रही। सुबह आठ बजे से लेकर शाम तीन बजे तक क्षेत्र में बिना बिजली के लोग परेशान रहे। बिजली जाने से लोगों को सुबह का पानी भी नहीं मिल सका। शाम तीन बजे के बाद ही बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी।
उत्तर प्रदेश ट्रांसमिशन (वेस्ट) कारपोरेशन लिमिटेड ने जागृति विहार में 220 केवी उपकेंद्र की स्थापना की है। इस उपकेंद्र से 132 केवी के उपकेंद्रों को जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। इस कड़ी में शुक्रवार को 132 केवी मेडिकल उपकेंद्र की लाइन को जोड़ने के लिए सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक के लिए शटडाउन लिया गया था। शटडाउन के चलते 33 केवी सिविल लाइन, लेडीज पार्क, यूनिवर्सिटी रोड, जिला अस्पताल, मेडिकल और जागृति विहार बिजलीघर की आपूर्ति आंशिक रूप से और हापुड़ रोड व नौचंदी बिजलीघर की आपूर्ति पूर्ण रूप से बाधित रही। नौचंदी और हापुड़ रोड बिजलीघर पूरी तरह से बंद होने पर क्षेत्र केे पचास हजार से ज्यादा उपभोक्ता गर्मी से बेहाल रहे। उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली जाने से पानी की आपूर्ति भी नहीं हो सकी। विभाग ने दो बजे तक का शटडाउन लिया था लेकिन दो बजे की बजाय शाम तीन बजे बिजली आपूर्ति सामान्य की गई।
सिविल लाइन, लेडीज पार्क, यूनिवर्सिटी रोड, जिला अस्पताल, मेडिकल और जागृति विहार बिजलीघरों को मेडिकल और शताब्दीनगर ट्रांसमिशन की दूसरी लाइनों से शिफ्टवाइज बिजली आपूर्ति की गई। बीच-बीच में एक से दो घंटे बिजली कटने से यहां के लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अधीक्षण अभियंता शहर एके पाठक ने बताया कि 132 लाइन को ऊजीकृत करने के लिए सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक ट्रांसमिशन ने शटडाउन लिया था। इसके चलते ही शहर के आठ बिजलीघरों की आपूर्ति प्रभावित रही।