विरोध करने पहुंचे पिता-पुत्र से कहासुनी
-कार से टक्कर मारकर घायल करने का आरोप, जेसीबी सीज
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। मंडौरा गांव में बुधवार को जमीनी विवाद को लेकर दो चचेरे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए। आरोप है कि मां-बेटे ने जेसीबी की मदद से चचेरे भाई के पोल्ट्री फार्म का गेट और दीवार तुड़वा दी। मामले में पुलिस ने जेसीबी को थाने लाकर सीज कर दिया है।
मंडौरा निवासी प्रीत वर्मा ने दौराला थाने में दी तहरीर में बताया कि गांव में उसकी जमीन पर पोल्ट्री फार्म बना हुआ है। बुधवार को वह पोल्ट्री फार्म पर काम कर रहा था। किसी कार्य से घर जाने के बाद उसे जानकारी मिली कि उसका चचेरा भाई अरमान वर्मा और चाची अंजु सिंह कार से पोल्ट्री फार्म पर पहुंचे हैं और जेसीबी बुलाकर फार्म का गेट व दीवार तुड़वा रहे हैं।
जानकारी मिलने पर प्रीत अपने पिता ओमवीर सिंह के साथ मौके पर पहुंचा और निर्माण तोड़े जाने का विरोध किया। आरोप है कि इसी दौरान जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी और गाली गलौज हो गई। प्रीत का आरोप है कि इसके बाद चचेरा भाई और चाची कार में सवार होकर वहां से जाने लगे और उसके पिता ओमवीर सिंह को कार से टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गए।
पोल्ट्री फार्म संचालक ने घटना से संबंधित सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने घायल ओमवीर सिंह को उपचार के लिए दौराला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर थाने में सीज कर दिया।
सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि मामले में जेसीबी को सीज करने की कार्रवाई की गई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।