मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में हो रहे पशु कटान पर पुलिस की सख्ती होने के बाद कटान करने वाले लोगों ने मुखबिरी को धमकी दे दी है। मुखबिरी करने को पाप बताते हुए क्षेत्र में पोस्टर भी चस्पा कर दिए।
पिछले कुछ दिनों में लिसाड़ी गेट पुलिस ने छापामारी कर पशु कटान के कई मामले पकड़े हैं। शनिवार को लिसाड़ी गेट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मीट गोदाम पर छापामारी कर आधा दर्जन पशु और पशुओं के अवशेष बरामद किए थे। इससे पहले सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया और इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट प्रशांत कपिल व पिल्लोखडी चौकी इंचार्ज करतार सिंह ने कटान करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए मांस की दुकानों को क्षेत्र से पूर्ण रुप से बंद करा दिया। जिससे परेशान होकर पशु कटान करने वाले क्षेत्र में मुखबिर को पर्चा चस्पा कर धमकी देते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में सद्दीक नगर, श्याम नगर, मजीद नगर, मदीना कॉलोनी आदि जगह दीवारों पर पोस्टर चस्पा किए गए हैं। पोस्टर पर यह भी लिखा है कि मुखबिर की ऊपर वाला बख्शीश नहीं करता है। संवाद