परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव की आशंका, तैयारियां भी धीमी
मेरठ। यूपी बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव की आशंका है। हालांकि अभी नई तारीखों का एलान नहीं हुआ है।
पूर्व में प्रस्तावित 24 अप्रैल से बोर्ड परीक्षा के आगे बढ़ने के आसार हैं। परीक्षा केंद्रों पर हो रही तैयारियों में भी सुस्ती आ गई है। यूपी बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम 24 अप्रैल से शुरू होकर 12 मई तक रखा गया था। तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन अभी उतनी तेजी नहीं है।
प्रदेश में पंचायत चुनाव का पहला चरण 15 अप्रैल व अंतिम चरण 29 अप्रैल को घोषित है। साथ ही सभी चरण के चुनावों की मतगणना एक साथ दो मई को होनी है। बोर्ड परीक्षा में लगाए गए अधिकारियों-कर्मचारियों को भी पंचायत चुनाव में ड्यूटी पर लगाया जाता है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए तैनात की जाने वाली पुलिस भी पंचायत चुुनाव में निर्वाचन ड्यूटी पर लगाई जाती है। ऐसे में पंचायत चुनावों के मद्देनजर बोर्ड परीक्षा का आयोजन संभव नहीं है।
--
पूरी तैयारी रखें केंद्र व्यवस्थापक
सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश जारी किया गया है कि वे अपने स्तर से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। परीक्षा कार्यक्रम में अभी बदलाव की सूचना नहीं आई है।
- गिरिजेश चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक