ऑफलाइन, ऑनलाइन दोनों तरह से होंगी इंजीनियरिंग कॉलेजों में कक्षाएं
मेरठ। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इंजीनियरिंग कॉलेजों में ऑफलाइन, ऑनलाइन दोनों तरह से पढ़ाई होगी। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विवि ने सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों को कोरोना से बचाव के तहत पढ़ाई संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं।
विवि ने कॉलेजों को निर्देशित किया है कि वे अपने इलाके के माहौल को देखते हुए नियमित कक्षाओं का संचालन कर सकते हैं। थ्योरी और प्रयोगात्मक कक्षाओं को कॉलेज कोरोना की स्थिति के अनुसार ऑफलाइन, ऑनलाइन कराएं। साथ ही शासन द्वारा समय-समय पर कोरोना से बचाव संबंधी जो दिशा निर्देश जारी किए जाएं, उनका पालन भी किया जाए।
जिन कॉलेजों के हॉस्टल में अभी छात्र हैं वहां भी कोरोना से बचाव के नियमों का पूरा पालन हो। छात्रावासों में एक कमरे में एक छात्र को ही ठहराया जाए। साथ ही कमरों का आवंटन छात्रों को मेरिट के आधार पर किया जाए। विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने सभी कॉलेजों को सख्ती से कोरोना बचाव के नियमों का पालन करने का आदेश दिया है।