दौराला। सरधना मार्ग स्थित चौधरी मुख्तियार सिंह राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में मेरठ जोन के लिए कैंपस साक्षात्कार का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न संस्थानों से लगभग 45 छात्राओं ने हिस्सा लिया। जिनमें से 36 छात्राओं का चयन हुआ।
कॉलेज के प्रधानाचार्य एके शर्मा ने बताया कि कैंपस साक्षात्कार में सहारनपुर, मेरठ, आगरा, बड़ौत, मुरादाबाद, गाजियाबाद, झांसी, हाथरस की पॉलिटेक्निक की 45 छात्राओं ने हिस्सा लिया। नीमराना राजस्थान की कंपनी मैसेज डेक्कन एयर कंडीशनर लिमिटेड के एचआर एग्जीक्यूटिव कुमारी कनिका अरोड़ा, सहायक इंजीनियर कपिल भल्ला, सीनियर इंजीनियर दीपक डागर ने प्रथम चरण में छात्राओं की लिखित परीक्षा ली। जिसमें 36 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं। उन्होंने बताया कि अंतिम परिणाम आना अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि चयनित होने वाली छात्राओं को कंपनी की ओर से प्रथम वर्ष में 15 हजार, द्वितीय वर्ष में 19 हजार व तृतीय वर्ष में 25 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा। प्रधानाचार्य अतुल कुमार शर्मा ने उत्तीर्ण छात्राओं को बधाई दी। वहीं, कंपनी के अधिकारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। यहां पर पल्लवी अग्रवाल, मोनिका शर्मा, पवन कुमार, अरुण कुमार, संजय कुमार, प्रियांशु शर्मा आदि का सहयोग रहा।