सरधना। नगर की अमन कॉलोनी में दूषित पानी पीने से कई लोग बीमार हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत अधिकारियों से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
नगर के अमन काॅलोनी निवासी मुनेश, कुसुम, सुमन, सोनू, गौरव, विक्की व विकास ने बताया कि यह कॉलोनी ग्राम पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि कॉलोनी में कृष्णा बैटरी के नाम से अवैध फैक्टरी संचालित हो रही है। बैटरियों का तेजाब नालियों में बहाया जा रहा है। तेजाब के कारण पाइप लाइन लीक हो गई, जिससे दूषित पानी लोगों के घरों में पहुंच रहा है। दूषित पानी पीने से एक दर्जन लोग बीमार हो चुके हैं। इसके अलावा बच्चे भी बीमार हैं। सूचना पर मंगलवार को बीडीओ विजय कुमार सक्सेना और नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को फैक्टरी बंद करवाने का आश्वासन दिया था।
मामला प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास पहुंचा तो क्षेत्रीय अधिकारी भुवन कुमार यादव ने भी कार्रवाई के लिए पत्राचार शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों को पत्र जारी कर फैक्टरी की बिजली काटने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संचालक को भी नोटिस जारी किया है। ऊर्जा निगम के एक्सईएन दुर्गेश जायसवाल ने बताया कि इस संबंध में पत्र नहीं मिला है। पत्र मिलते ही उक्त फैक्टरी की बिजली काट दी जाएगी।
बीडीओ का कहना कि मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट तैयार की उच्च अधिकारियों के सामने पेश की जाएगी। उच्चाधिकारियों का जो भी निर्देश होगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।