थाने में पुलिसकर्मी ही आतिशबाजी करता मिला
परीक्षितगढ़। सुप्रीम कोर्ट ने प्रदेश सरकार को दिवाली पर्व पर पटाखों की बिक्री और जलाने पर प्रतिबंध के आदेश दिए हैं। बावजूद नगर में भारी मात्रा में छोटी दिवाली पर पटाखे जलाए गए। पटाखों के थोक विक्रेता, ग्राहकों को ऑनलाइन पटाखों की डिलीवरी घरों में दे रहे हैं। वहीं, एक पुलिसकर्मी थाने में ही पटाखेजलाता देखा गया। मीडिया के पूछने पर पुलिसकर्मी ने अपने पैसे से पटाखे खरीदने की बात कही और उनके साथ अभद्रता का प्रयास किया।
सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण को देखते हुए दिवाली पर्व पर अतिशबाजी व खतरनाक पटाखे छोड़ने पर पाबंदी लगा रखी है, लेकिन नगर में छोटी दिवाली के पर्व पर भी जमकर आतिशबाजी हुई। अमर उजाला लगातार पटाखों की अवैध बिक्री की खबर प्रकाशित कर रहा है। लेकिन नगर में अवैध रूप से लगातार पटाखों की बिक्री की जा रही है। लोगों ने देखा कि थाने में एक पुलिसकर्मी आतिशबाजी कर रहा था। वहीं, अन्य पुलिसकर्मी आतिशबाजी होते देख रहे थे। बताया जा रहा है कि नगर में पटाखों के थोक विक्रेताओं द्वारा ग्राहकों को ऑनलाइन घरों पर ही पटाखों का जखीरा भेजा जा रहा है। पुलिस पटाखों के थोक विक्रेताओं पर लगाम लगाने में विफल रही है।
सीओ सदर देहात ब्रिजेश सिंह का कहना है कि अगर थाने में पुलिसकर्मी द्वारा पटाखे छोडे़ गए हैं तो जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।