पांचली बुजुर्ग में ग्रामीणों के खाते से लाखों रुपये गबन करने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग में ग्रामीणों के खाते से लाखों रुपयों का गबन करने वाले आरोपी बैंक ग्राहक सेवा केंद्र संचालक सतेंद्र वर्मा को पुलिस कोर्ट से रिमांड पर लेगी। पीड़ितों की शिकायत पर आरोपी ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। पुलिस को आरोपी की 10 महीने से तलाश थी।
आरोपी सत्येंद्र वर्मा ने ग्रामीणों के खातों से लाखों रुपये का गबन करने के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए 28 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का षडयंत्र रचा था। 29 मार्च को आरोपी की बाइक नानू में गंगनहर के पास मिली थी। उस समय परिजन और ग्रामीण इसे आत्महत्या मानकर चल रहे थे। आरोपी सतेंद्र वर्मा 15 साल से पांचली बुजुर्ग गांव में बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चला रहा था। कई दिन तक ग्राहक सेवा केंद्र बंद होने के चलते जब ग्रामीण सरूरपुर स्थित मुख्य शाखा में पैसे निकालने गए तो उन्हें पता चला कि उनके खातों से सारी रकम गायब है। तब जाकर ग्रामीणों को उनके साथ हुए गबन की जानकारी हुई।
ग्रामीण बैंक के सामने धरने पर बैठ गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की। हालांकि पुलिस ने प्राथमिकी में शामिल आरोपी के साथी अभिषेक उर्फ सनी को गांव पांचली बुजुर्ग से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। करीब 10 महीने से पुलिस की कई टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। रिमांड पर आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।