मेरठ। त्योहारों के मद्देनजर 16 नवंबर तक बाजारों में रोजाना पुलिस पैदल गश्त करेगी। एसएसपी अजय साहनी ने रविवार को सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी थाना प्रभारी क्षेत्र एवं मुख्य बाजारों में दिन भर भ्रमण पर रहेंगे। शाम को मुख्य बाजारों में थाना पुलिस और सीओ पैदल मार्च करेंगे।
एसएसपी ने कहा है कि बाजारों में महिलाओं की सुरक्षा के खास इंतजाम किए जाएं। चेतावनी दी कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बनाए गए ड्यूटी प्वाइंट सेे यदि कोई पुलिसकर्मी नदारद मिला तो थाना प्रभारी जिम्मेदार होंगे। बताया कि लालकुर्ती, आबूलेन, सदर बाजार, सदर और शहर सराफा, वैली बाजार, शारदा रोड, बागपत रोड, कंकरखेड़ा, मोदीपुरम में सुरक्षा के लिए 24 प्वाइंट बनाए गए हैं। थाना पुलिस की अलग से ड्यूटी लगाई गई है।
रविवार शाम को एएसपी कैंट डॉ. ईरज राजा, एसओ सदर दिनेश कुमार ने दिल्ली रोड और आबूलेन पर, सीओ ब्रह्मपुरी अमित राय, एसओ टीपीनगर विजय गुप्ता ने दिल्ली रोड और बागपत रोड पर, एएसपी सिविल लाइन ने नौचंदी पुलिस के साथ शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में पैदल मार्च निकाला।
ब्यूरो