लॉकडाउन लागू कराने के लिए सड़क पर उतरी पुलिस, वाहनों के काटे चालान
मेरठ। एक दिन के संपूर्ण लॉकडाउन में रविवार को पुलिस ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर सख्ती दिखाई। कुछ स्थानों पर बेवजह घूम रहे लोगों को फटकार घर भेजा। वहीं दिनभर में 350 वाहनों के चालान काटे। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव और एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह के निर्देश पर पुलिस ने शहर में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया।
मवाना रोड पर सीओ सदर देहात बृजेश सिंह ने गंगानगर और इंचौली पुलिस के साथ अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाया। सीओ सिविल लाइन पूनम सिरोही ने तेजगढ़ी, गढ़ रोड, पीवीएस रोड व हापुड़ रोड पर पुलिस को लॉकडाउन का पालन कराने के निर्देश दिए। वहीं ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने कमिश्नर आवास चौराहे पर बैरियर लगाकर देहात की तरफ से आने वालों को शहर में प्रवेश करने से रोका। सिर्फ इमरजेंसी सेवा वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी। बेगमपुल के अलावा जीरो माइल पर भी ट्रैफिक पुलिस, सदर बाजार पुलिस ने अभियान चलाया।
दिल्ली रोड पर परतापुर तिराहा और मोहिउद्दीनपुर पुलिस चेक पोस्ट पर कई वाहनों के चालान काटे। बेगमपुल से जीरोमाइल की तरफ कुछ लोगों ने दुकानें और खोखे खोलने की कोशिश की, लेकिन सदर बाजार पुलिस ने उन्हें बंद करा दिया। 18 स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहनों के चालान काटे। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि थाना व ट्रैफिक पुलिस से सख्ती कराई गई है। शाम 6 बजे तक 350 वाहनों के चालान काटे गए।