100 से ज्यादा वाहन चुराने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
मेरठ। सदर बाजार पुलिस ने 100 से भी ज्यादा वाहन चुरा चुके वाहन चोर गिरोह के एक सदस्य अज्जू निवासी सोतीगंज को गिरफ्तार किया है। गिरोह के अन्य सदस्य रामपाल निवासी विजय सिंह पथिक नगर कालवाड रोड जयपुर (राजस्थान), सद्दाम हुसैन उर्फ सलीम पुत्र हसन मियां शास्त्री नगर निकट बड़ा पार्क जयपुर (राजस्थान), आफताब निवासी कस्बा किठौर (मेरठ) और मोहसिन उर्फ बबलू निवासी सोतीगंज मेरठ बताए गए हैं। मोहसिन को कुछ समय पहले ही ब्रह्मपुरी पुलिस ने जेल भेजा है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में यह गिरोह अधिक सक्रिय है।
थाना सदर बाजार में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी विनीत भटनागर व एएसपी कैंट सूरज राय ने बताया कि आठ जून को जीटीबी तिराहा वेस्टर्न रोड से पुलिस ने चोरी की ब्रेजा कार के साथ अज्जू उर्फ अजहरुद्दीन निवासी सोतीगंज को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो और कार बरामद कीं।
पूछताछ में पता चला कि अज्जू एक वाहन चोर गिरोह का सक्रिय सदस्य है जो ऑन डिमांड कार चुराता है। कार चुराकर वह उस पर हादसे वाले कार का चेसिस नंबर व रजिस्ट्रेशन नम्बर दर्ज कर अच्छे दामों पर बेच देते हैं। अज्जू उर्फ अजहरुद्दीन के अनुसार उनका गिरोह 100 से ज्यादा वाहन चोरी कर ठिकाने लगा चुका है। जयपुर जैसे शहरों में ऐसे वाहनों को बेचने में रिस्क कम होता है। उसने बताया कि 23 मई को ब्रह्मपुरी पुलिस ने मेवला फ्लाईओवर के नीचे से चोरी की कार के साथ जो युवक पकड़ा था, वह मोहसिन था।