मेरठ। लालकुर्ती थाने में धोखाधड़ी के मामले में पुलिस अधिवक्ता हैविन खान को जबरन चेंबर से उठाकर ले गई। घटना से गुस्साए वकीलों ने मौके पर छूटी पुलिसकर्मियों की बाइक में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद थाने पहुंचकर हंगामा किया। वकीलों के विरोध के बाद पुलिस ने हैविन को थाने से छोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक हैविन के खिलाफ लालकुर्ती थाने में 420, 467, 468 सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वांछित होने के कारण सोमवार को लालकुर्ती थाने के दरोगा और कांस्टेबल कचहरी पहुंचे। चेंबर से हैविन को ले जाने लगे।
वकीलों ने विरोध किया तो पुलिसकर्मी अपनी बाइक छोड़कर वकील को कचहरी से गाड़ी में बिठाकर थाने ले गए। घटना से गुस्साए वकीलों ने हंगामा करते हुए पुलिसकर्मियों की बाइक में तोड़फोड़ कर दी। जिसके बाद दर्जनों वकील थाने पहुंचे।
इसके विरोध में मेरठ बार एसोसिएशन के महामंत्री विनोद चौधरी सहित अन्य तमाम पदाधिकारी पहुंचे। उन्होंने एसपी सिटी से नाराजगी जाहिर करते हुए अधिवक्ता को उसके चेंबर से गिरफ्तार किए जाने को लेकर गंभीर बताया। सीओ सिविल लाइन अरविंद कुमार चौरसिया ने वकीलों से बात कर हैविन को छोड़ दिया।