रंगड़पुरा में पुलिस टीम पर हमला, पथराव और फायरिंग
किरतपुर (बिजनौर)।गांव रंगड़पुरा में गोकशी की सूचना पर रविवार रात दबिश देने गई पुलिस टीम पर मकान की छत से पथराव कर दिया और तमंचों से फायरिंग की। इस घटना में दरोगा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इस दौरान आरोपी भी फरार हो गए। हमलावरों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पथराव में घायल हुए मौअज्जमपुर चौकी के प्रभारी भारत सिंह, सिपाही विक्रांत तोमर, अर्जुन बालियान व विनीत कुमार को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के जाकिर के घर पर अमजद पुत्र मुन्ना, अमजद पुत्र सत्तार व मुकर्रम गोकशी करने के बाद मांस बेच रहे हैं। पुलिस ने दरवाजा खटखटाया तो घर की छत पर मौजूद लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया और तमंचों से फायरिंग की। पुलिस टीम ने मकानों की आड़ लेकर खुद को बचाया। भीड़ का फायदा उठाकर हमलावर फरार हो गए। इस घटना को लेकर गांव में काफी देर तक हंगामा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि पुुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया था, जिन्हें बेकसूर बताते हुए भीड़ ने पुलिस से छुड़ा लिया।