मेरठ पुलिस ने बृहस्पतिवार को गंगानगर के एल ब्लॉक के मकान संख्या 648 में चार संदिग्ध युवकों को ज्वलनशील पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि आज सुबह 10 युवक वर्ना और डस्टर कार से आये थे लेकिन, मौके से सिर्फ चार युवक व एक डस्टर कार बरामद हुई, जिसकी खिड़की का शीशा टूटा हुआ है। पुलिस चारों युवकों को अनजान जगह ले गई और उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं सूचना मिलने पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
उल्लेखनीय है कि तीन-चार पहले भी एक संदिग्ध बांग्लादेशी को गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया था। जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। एसटीएफ ने रविवार को फलावदा में पेट्रोल पंप के पास से अबू हन्नान उर्फ अबू हना पुत्र अब्दुल हन्नान को गिरफ्तार किया था। उसके पास से बांग्लादेशी सिमकार्ड, मोबाइल फोन, पासपोर्ट, आधार कार्ड, आईडी कार्ड, पैनकार्ड और निवास प्रमाण पत्र बरामद किए गए थे। एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया था कि अबू हन्नान फलावदा में 2006 से अवैध तरीके से रह रहा था। फलावदा निवासी शबाना से 12 साल पहले प्रेम प्रसंग होने पर लुधियान में निकाह कर लिया था। जिसके बाद शबाना अबू हन्नान को फलावदा ले आई थी।