रुहासा में पुलिस तैनात, आरोपी नहीं आए हाथ
दौराला। रुहासा गांव में पुलिस पर हमला कर आरोपी को छुड़ाने के मामले में मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी, लेेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस ने आरोपियों के कई परिजनों को हिरासत में लिया है।
सोमवार को सकौती इंचार्ज सुखबीर सिंह पुलिस फोर्स के साथ रुहासा गांव में गोकशी के आरोपी मुबस्सिर और मुख्खा को पकड़ने पहुंची थी। पुलिस ने जैसे आरोपियों को पकड़ा परिजनों ने शोर मचा दिया। इसके बाद परिजन ने इक्ट्ठा होकर परिजनों पर पथराव कर दिया। यह देख पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने लाठी डंडे से पुलिस पर हमला बोल दिया और फायरिंग कर आरोपी को छुड़ा लिया। पुलिस ने वहां से किसी तरह भागकर जान बचाई। इस हमले में दरोगा सुखबीर सिंह समेत आकाश, सुधीर, प्रवीण, आदेश घायल हो गए। इस मामले में देर रात पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी और खेतों में सर्च अभियान चलाया, लेेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई थानों की फोर्स लेकर फलावदा थाना क्षेत्र के गांवों में दबिश देकर आरोपियों के रिश्तेदारों से पूछताछ की। कई रिश्तेदारों को हिरासत में ले लिया। पुलिस रिश्तेदारों से पूछताछ में जुटी है। इस मामले में पुलिस ने रुहासा गांव निवासी मुबस्सिर, अफजाल, बुंदू, मुदस्सिर, अखलाख, सोनू, मोनू, साईदा, फैजिया, तसमीन, अमरीन, सुहैल, उजैफ, फरदीन व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ दौराला संजीव दीक्षित का कहना है कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांव में पुलिस बल तैनात
रुहासा गांव में पुलिस के साथ हुई मारपीट के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दिनभर पुलिस गांव में आरोपियों को तलाश करती रही। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।