पुलिस का एंटी रोमियोे अभियान बुधवार को भी चला। स्कूल, कॉलेजों के आसपास घूम रहे युवकों की क्लास लगाई गई। पार्कों में मिले युवक और युवतियों के परिजनों से बात कर उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा गया।
ब्रह्मपुरी पुलिस ने सुबह साढे़ 10 बजे शारदा रोड पर कनोहर लाल कॉलेज के पास घूम रहे युवकों को पकड़कर पूछताछ की। एक युवक ने बताया वह कोचिंग में आया है, पुलिस ने पड़ताल की तो आसपास कोई कोचिंग सेंटर ही नहीं था। युवक के परिजनों से बात कर चेतावनी देकर छोड़ा गया। कुछ युवक कॉलेज के सामने की दुकानों के बाहर खडे़ थे, उन्हें भी चेतावनी देकर भगाया गया। मंगल पांडे कॉलेज के आसपास भी ये अभियान चलाया। परतापुर पुलिस ने भी रिठानी के कॉलेज और होटलों के आसपास चेकिंग की। वहां मिले युवकों का वेरीफिकेशन कर छोड़ा गया। देहली गेट पुलिस ने घंटाघर के पास डीएन कॉलेज, सेठ बीके माहेश्वरी कॉलेज के आसपास युवकों को खदेड़ा। टीपीनगर पुलिस ने कमला नगर में अभियान चलाया। गली में घूमते मिले चार युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई। वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। मलियाना स्थित जवाहर इंटर कॉलेज के पास टीम ने कई युवकों को पकड़ा। सभी को चेतावनी दी गई।
पुलिस को देख पार्क से भागे प्रेमी युगल
गंगानगर पुलिस ने डिवाइडर रोड स्थित जोनल पार्क की तलाशी ली। उसके बाद काफिला जे ब्लॉक स्थित डॉलफिन पार्क पहुंचा। पार्क में इधर, उधर खड़े युवकों को पकड़ लिया। जानकारी जुटाकर उन्हें छोड़ा। रक्षापुरम स्थित पार्क- 1 में पुलिस को देखते ही प्रेमी युगल भाग खड़े हुए। पुलिस ने पार्क के गार्ड अजीत को सख्त चेतावनी दी कि अगर कोई आपत्तिजनक स्थिति में मिले तो पुलिस को सूचना दी जाए।
शराबियों की शामत
मेरठ/कंकरखेड़ा। देर शाम पुलिस ने पान के खोखे और ठेलियों पर खडे़ होकर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। ब्रह्मपुरी पुलिस ने मेट्रो प्लाजा, शारदा रोड, दिल्ली चुंगी के आसपास चेकिंग की। नशे की हालत मे मिले तीन चार युवकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। गंगानगर एसओ मोहम्मद असलम ने क्षेत्र में चेकिंग की। पुलिस को देख लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर पांच लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने शराब के ठेके की कैंटीन में जाकर लोगों की तलाशी ली। कुछ छात्र शराब पीते मिले। उन्होंने अपने आई कार्ड पुलिस को दिखाए तो पुलिस ने परिजनों को बुलाने की बात कही। माफी मांगने पर छात्रों को छोड़ा गया। एंटी रोमियो दल में एसआई राजेंद्र सिंह, एसआई दीपक कुमार शामिल रहे।