गांव सठला में बच्चों के अपहरण की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी जानकारी लेते हुए।
- फोटो : MAWANA
मवाना। गांव सठला से पांच बच्चों का अपहरण कार सवार दो महिलाओं द्वारा किए जाने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा कार को तलाश करने का प्रयास किया। बाद में तीन बच्चे गांव में ही खेलते मिल गए। जांच करने पर पता चला कि बच्चों की मां ही दो बच्चों को ले गई है। वहीं पत्नी के खिलाफ पति ने थाने में तहरीर दी है। जिसमें सास ससुर को भी नामजद किया है।
बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली की कार में सवार दो महिलाएं गांव सठला से पांच बच्चों को कार में डालकर ले गई हैं। सूचना पर थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार त्यागी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे तथा कार को तलाश करने का प्रयास किया। लेकिन कार का सुराग नहीं लग सका। बाद में तीन बच्चे गांव में ही खेलते मिल गए। बच्चों ने बताया कि चाची ही अपनी दो बेटियों को ले गई है। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। इस संबंध में महिला के पति इकराम पुत्र कलुआ ने तहरीर दी। बताया कि उसकी शादी 10 साल पहले लिसाडी गेट से हुई थी। उसकी तीन बेटियां है। इकराम ने पत्नी और सास ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसकी पत्नी उसको जान से मरवाने की धमकी देती है। पति ने पत्नी और सास-ससुर के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, देररात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।