भदौड़ा में गोलीकांड के आरोपी से रिमांड पर पिस्टल बरामद की।
- फोटो : SARDANA
सरूरपुर। गांव भदौड़ा में बीस दिन पूर्व अपने भाई के ससुराल वालों को साजिश के तहत फंसाने के मामले में चली गोली की घटना में पुलिस ने एक आरोपी को जेल से रिमांड पर लेकर प्रयुक्त पिस्टल, चार खोखे व चार कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
बता दें कि गांव भदौड़ा निवासी नवीन मलिक पुत्र कृष्णपाल पर बीस दिन पूर्व घर के बाहर गोली बरसा दी थी। जिससे नवीन घायल हो गया था। घायल नवीन ने उस समय अपने ऊपर हुए हमले में अपने भाई पोपिन्द्र मलिक के करनावल निवासी ससुर राजेन्द्र व साला विनोद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई दी थी। घायल नवीन के बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को शक हुआ। नवीन के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालकर नवीन के दोस्त हनी पुत्र राजपाल निवासी भदौड़ा से पूछताछ की थी। उसमें मामला चौंकाने वाला निकला था। खुलासा हुआ था कि नवीन का भाई पोपिंद्र मलिक सीतापुर में प्राइमरी स्कूल में शिक्षक है। उसका अपनी पत्नी रुचि से दहेज का मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। अपने भाई पर लगे मुकदमे को वापस कराने का दबाव बनाने के लिए नवीन ने अपने ऊपर हमला कराया। गांव के हनी से मुकीम काला गैंग के शूटरों इस्तियाक व नौशाद निवासी गांव दमगढ़ी से एक लाख रुपये में सौदा किया था। उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से नवीन के ऊपर गोली बरसा दीं और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। पुलिस ने घटना से पर्दा उठाते हुए हनी नौशाद व नवीन को जेल भेज दिया था। वहीं, फरार इस्तियाक उर्फ लंबू ने पांच दिन पूर्व कोर्ट में आत्मसमर्पण कर जेल चला गया था। मुकदमे की विवेचना कर रहे दरोगा राहुल बालियान सोमवार को कोर्ट से आठ घंटे के रिंमांड पर इस्त्यिाक को साथ ले आई। उसे गांव दमगढ़ी के जंगल में ले जाकर उसकी निशानदेही से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, चार खोखे व चार कारतूस बरामद किए। इसके बाद उसे जेल भेज दिया।