संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। दौराला गंगनहर पुल चौकी के पास स्थित लंबे समय से बंद पड़े एक रेस्टोरेंट के पीछे बने कमरों में शनिवार को पुलिस ने छापा। कमरों में पांच युवक-युवतियां मिले । पुलिस ने सभी के पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कराया और रेस्टोरेंट से जुड़े अभिलेखों की जांच शुरू कर दी है।
सीओ के अनुसार, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर सरधना पुलिस ने छापा मारा। महिला उपनिरीक्षक की मौजूदगी में कमरों की तलाशी ली गई। इस दौरान एक कमरे में एक महिला अपने पुरुष साथी के साथ मिली, जबकि उसके साथ उसकी नाबालिग बेटी भी मौजूद थी। अन्य कमरों में चार अन्य युवक-युवतियां भी मिले। पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों से पहचान संबंधी दस्तावेज लेकर उनका सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में कोई आपत्तिजनक तथ्य सामने नहीं आने पर उन्हें जाने दिया गया। वहीं, रेस्टोरेंट का प्रबंधन देख रहे एक युवक को पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
जांच अधिकारी थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट परिसर में संचालित कमरों के संबंध में आवश्यक दस्तावेज, पंजीकरण और अन्य वैधानिक अनुमतियों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि क्षेत्र में होटल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट की नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध अथवा संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-