गंगानगर (मेरठ)। गंगानगर क्षेत्र में चार दिन पूर्व हुए गोलीकांड में सभी आरोपी फरार है। पुलिस मुख्य आरोपी गर्वित के ममेरे भाई सॉफ्टवेयर इंजीनियर को शामली से हिरासत में लेकर आ गई। विरोध में रविवार को गुर्जर संगठन के साथ मिलकर परिजनों ने थाने पर धरना दिया। एसपी देहात के आश्वासन पर परिजनों ने धरना खत्म किया।
बीते पांच फरवरी को गंगानगर थाना क्षेत्र के डिवाइडर रोड पर होटल गीतांजलि के सामने छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ था। विवाद में भावनपुर क्षेत्र के अल्लीपुर मोरना गांव निवासी गर्वित गुर्जर ने तमंचे से परीक्षितगढ़ निवासी कुश कौशिक को गोली मार दी थी। उसे घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घटना में घायल कुश के पिता महेश द्वारा गर्वित और प्रियांशु के खिलाफ हत्या के प्रयास आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। एक हफ्ते बाद भी आरोपी फरार है।
पुलिस दो दिन पूर्व शामली में गर्वित के ममेरे भाई सॉफ्टवेयर इंजीनियर विवेक चौहान को घर से हिरासत में लेकर गंगानगर थाने ले आई। रविवार दोपहर परिजन और गुर्जर संगठन के लोग गंगानगर थाने में धरने पर बैठ गए। गुर्जर सभा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, पिता पंकज कुमार ने बताया कि विवेक चौहान बंगलूरु स्थित आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उसकी आंखों का ऑपरेशन हुआ है। इसलिए वह घर पर आया हुआ था। पुलिस ने बिना किसी जांच के विवेक को हिरासत में लिया हुआ है। गंगानगर इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने परिजनों को समझाने की कोशिश की परंतु वह नहीं माने। धरने की जानकारी एसपी देहात राकेश मिश्र को हुई। उन्होंने फोन पर इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया और सोमवार को मुलाकात की बात कही। पुलिस ने परिजनों से कहा कि आरोपी गर्वित को पकड़वाने में मदद करें। इस मौके पर जितेंद्र कुमार, मेनपाल सिंह राणा, योगेंद्र, गुलवीर सिंह, गंगानगर मंडल अध्यक्ष विजय सोनकर और लक्ष्य चौहान आदि मौजूद रहे।
एसपी देहात राकेश मिश्र ने बताया कि पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी है। नामजद आरोपियों की जहां भी लाेकेशन मिल रही है। पुलिस वहां जा रही है। आरोपियों के बारे में रिश्तेदारों से भी पूछताछ की रही है।