- दिल्ली निवासी बताई गई है मृतका, हत्या करके शव यहां लाकर फेंका
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना (मेरठ)। मवाना खुर्द पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर मिले युवती के शव के पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। युवती दिल्ली निवासी बताई जा रही है। युवती की हत्या करके उसका चेहरा झुलसा दिया था।
तीन दिन पहले गांव मवाना खुर्द स्थित पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर फ्लाईओवर के पास एक खेत के अंदर युवती का शव मिला था। हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा किसी रासायनिक पदार्थ से जलाया हुआ था। हत्या के खुलासे के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। युवती दिल्ली निवासी बताई जा रही है। घटना स्थल के पास स्थित मंडप में लगे सीसीटीवी कैमरों ने हत्यारों तक पहुंचने में पुलिस की काफी सहायता की है। पुलिस के अनुसार युवती के शव को एक कार में लाकर यहां डाला गया। पुलिस ने कुछ लोगों व कार को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि हत्या का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। दो पुलिस की टीम लगाई गई हैं, जो लगातार हत्या के खुलासे के प्रयास में लगी हैं। पुलिस के हाथ कुछ अहम सबूत लगे हैं।