मेरठ में बिना जांच कराए ही कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट बनाने के मामले में पुलिस ने हापुड़ रोड स्थित न्यू मेरठ हॉस्पिटल पर बुधवार को ताला जड़ दिया। इस मामले में पहले से ही एफआईआर दर्ज हो चुकी है। सीओ का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही हॉस्पिटल को सील कर दिया जाएगा।
पिछले दिनों इस मामले का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें एक तथाकथित डॉक्टर कह रहा था कि कोरोना की जिला अस्पताल से पक्की रिपोर्ट आएगी। यह रिपोर्ट एक सप्ताह तक मान्य होगी। उसे कहीं भी ले जा सकते हैं। किसी को भी दिखा सकते हैं।
टेस्ट कराओगे तो पॉजिटिव रिपोर्ट आ सकती है और 14 दिन के लिए इलाज और क्वारंटीन होना पड़ सकता है। लेकिन 2500 रुपये देकर रिपोर्ट नेगेटिव ही आएगी। रिपोर्ट पर जिला अस्पताल की मुहर भी लगी है। इस व्यक्ति ने सीएमओ को रिपोर्ट भी दिखाई।
इसके अलावा आरोप लगाया कि लॉकडाउन के बाद से अस्पताल में बड़ी संख्या में महिलाओं की डिलीवरी भी कराई गई है। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल सिंह ने इस मामले में न्यू मेरठ हॉस्पिटल के प्रबंधक शाह आलम के खिलाफ लिसाड़ी गेट थाने में महामारी एक्ट और धोखाधड़ी की धारा में एफआईआर दर्ज कराई है।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि सीएमओ या मजिस्ट्रेट के आदेश पर सील की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ताला लगा दिया है। आरोपी पर कार्रवाई की जा रही है।