लॉकडाउन के पालन के लिए पुलिस ने किया लाठीचार्ज
मेरठ। लॉकडाउन और सुपर लॉकडाउन को पूरी तरह से लागू कराने के लिए शुक्रवार को पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसे लेकर पुलिस ने कई जगहों पर लाठीचार्ज भी किया। अलग-अलग तीन थानों में मुकदमे भी दर्ज किए गए। पुलिस का कहना है कि बार-बार अपील के बावजूद लोग अपने घरों से बेवजह सड़कों पर आ रहे हैं। जिन पर पुलिस को मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ रही है।
सुपर लॉकडाउन में चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात है। वहां से किसी भी व्यक्ति को बाहर और बाहर से किसी व्यक्ति को अंदर नहीं दिया जाने दिया जा रहा है। लॉकडाउन का पूरी तरह पालन कराने के लिए शुक्रवार को पुलिस ने थोड़ी सख्ती भी बरती है। सब्जी मंडी, बाजार, चौराहे या फिर शहर में कहीं भी सड़क पर बेवजह घूमते मिले लोगों को पहले हिदायत दी और फिर लाठी भी फटकारी। इसके बावजूद कई जगह पर सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन मिला। इसको देखते हुए पुलिस ने कोतवाली, लिसाड़ी गेट और ब्रह्मपुरी थाने में मुकदमे भी दर्ज किए हैं।
पुलिस का कहना कि हॉट स्पॉट वाले इलाकों में पुलिस बल बढ़ाया गया है। ताकि कोई व्यवस्था बनाने में परेशानी न हो। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने भी काफी व्यवस्था की थी। दवाई, खाने-पीने, दूध और अन्य सामानों की आवाजाही के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित लोगों को वहां पर लगाया हुआ है। वहीं, शुक्रवार सुबह 9 बजते ही पुलिस प्रशासन ने बाजार में दुकानें बंद करानी शुरू कर दी थी।
एसपी सिटी अखिलेश नारायण का कहना है कि शुक्रवार को जुमे की नमाज को देखते हुए पुलिस का घरों पर भी फोकस रहा, ताकि लोग सोशल डिस्टेंस बनाकर रखें। कई जगहों से अलग-अलग सूचनाएं आती रही, जहां पर पुलिस को भेजा गया।