हस्तिनापुर। शादी समारोह समेत विभिन्न आयोजनों में तेज ध्वनि में डीजे बजाने वालों पर अब थाना पुलिस की निगाह टेढ़ी हो गई है। सोमवार को थाने पर क्षेत्र के डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर थाना प्रभारी ने तेज आवाज में डीजे बजाने पर चेतावनी दी है।
थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा ने क्षेत्र के करीब दो दर्जन डीजे संचालकों को नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने रात 10 बजे के बाद डीजे न बजाने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। शादी समारोह, जुलूस व अन्य आयोजनों में तेज ध्वनि में डीजे बजाने से ध्वनि प्रदूषण फैल रहा है। बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को भी परेशानी हो रही है। इस समस्या को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। डीजे संचालकों को नोटिस दिए गए हैं। जिसमें कहा है कि आगामी महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर और होली आदि त्योहारों व बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेशानुसार किसी भी समारोह या जुलूस के दौरान रात 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजाया जाएगा। यह निर्देश गेस्ट हाउस और मैरिज हॉल संचालकों पर भी लागू होगा। किसी भी परिसर के अंदर, बाहर व सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करते मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ध्वनि प्रदूषण के नियंत्रण को लेकर प्रशासन सख्त रहेगा और नियमों का पालन कराने के लिए सतर्कता बरती जाएगी।