कांवड़ मार्ग पर गाजियाबाद जिले के बोर्डर पर मंगलवार रात चैकिंग करते हुए जानी पुलिस फोटो संवाद
मवाना/खरखौदा/सरधना। दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार विस्फोट की घटना के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। मवाना थाना क्षेत्र में 10 प्वाइंट बनाकर सभी वाहनों की गहनता के साथ जांच की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि दिल्ली की घटना के बाद मवाना थाना क्षेत्र में 10 स्थानों मवाना खुर्द पुलिस चौकी, टोल प्लाजा भैंसा, बस स्टैंड पुलिस चौकी, सुभाष बाजार चौकी, नहर पुल, ततीना मोड़, भद्रकाली गेट, फलावदा तिराहा, सुभाष चौक व मखदूमपुर रोड पर पुलिस पिकेट लगाकर आने-जाने वाले सभी वाहनों की चेकिंग कराई जा रही है। थाना प्रभारी पूनम जादौन ने होटल संचालकों और व्यापारियों की बैठक लेकर संदिग्ध व्यक्ति की तुरंत जानकारी पुलिस को देने के लिए कहा।
उधर, खरखौदा पुलिस ने क्षेत्र के एनसीआर मेडिकल कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों का सत्यापन किया। पुलिस ने क्षेत्र के व्यापारियों के साथ बैठक कर बाहरी व्यक्ति को काम पर रखने से पहले उसके सत्यापन की सलाह दी। पुलिस ने क्षेत्र में होटल संचालकों के साथ भी बैठक की। कई प्वाइंटों पर गहनता से वाहनों की चेकिंग की गई।
सरधना क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए सक्रिय कदम उठाए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने मस्जिद के इमाम, नगर के गणमान्य नागरिकों और स्थानीय व्यापारियों के साथ शांति समिति की बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सतर्क करना और क्षेत्र में शांति बनाए रखना था।
कांवड़ मार्ग पर गाजियाबाद जिले के बोर्डर पर मंगलवार रात चैकिंग करते हुए जानी पुलिस फोटो संवाद